19/05/2026
पश्चिम बंग चा मजदूर समिति (PBCMS) की विधायक श्री पुना भेंगरा जी से महत्वपूर्ण बैठक
आज पश्चिम बंग चा मजदूर समिति (PBCMS) के प्रतिनिधिमंडल ने नव-निर्वाचित विधायक माननीय श्री पुना भेंगरा जी से मुलाकात कर नागराकाटा क्षेत्र के चाय बागान मजदूरों एवं आम जनता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में संगठन की ओर से मजदूरों की समस्याओं, बकाया वेतन, न्यूनतम मजदूरी, जमीन अधिकार, स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी सुविधाएं तथा मजदूर आंदोलनों पर हुए दमन जैसे गंभीर मुद्दों को मजबूती के साथ रखा गया।
बैठक के दौरान विधायक जी ने संगठन की बातों को गंभीरता से सुना तथा जल्द समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया।
1. बांध, पानी एवं बुनियादी समस्याओं पर चर्चा
बैठक में बामनडांगा और बाताईगोल (Bataigole) क्षेत्र में बांध की समस्या एवं बाढ़ से होने वाले नुकसान का मुद्दा उठाया गया। विधायक जी ने कहा कि जल्द निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा मुख्यमंत्री स्तर पर भी इस विषय को रखा जाएगा।
साथ ही बाताईगोल चाय बागान में पीने के पानी की समस्या को MLA Fund के माध्यम से हल करने का आश्वासन दिया गया।
2. नागेश्वरी-किलकोट चाय बागान के बकाया मुद्दे
बैठक में नागेश्वरी-किलकोट चाय बागान के मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। संगठन की ओर से बताया गया कि मजदूरों का लंबे समय से वेतन बकाया है, 5% बोनस बकाया है, PF जमा नहीं किया गया है तथा ग्रेच्युटी भी बकाया है।
विधायक जी ने आश्वासन दिया कि इन सभी समस्याओं के समाधान हेतु जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही चाय बागानों की समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु एक संयुक्त कमिटी बनाने की बात कही गई, जिसमें सभी पक्ष मिलकर समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करेंगे।
3. लीज समस्या एवं नए प्रबंधन की मांग
संगठन की ओर से मांग रखी गई कि जिन चाय बागान मालिकों ने मजदूरों के हितों का उल्लंघन किया है उनकी लीज रद्द की जाए तथा कानूनी प्रक्रिया के तहत नए जिम्मेदार प्रबंधन को बागानों का संचालन सौंपा जाए।
जहां संभव हो वहां मजदूर सहकारी समितियों (Workers’ Cooperatives) को संचालन का अधिकार देने की मांग भी रखी गई। विधायक जी ने इस विषय पर समाधान की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।
4. नागेश्वरी और किलकोट चाय बागान के मजदूरों पर फर्जी मामलों का मुद्दा
बैठक में संगठन ने विशेष रूप से नागेश्वरी और किलकोट चाय बागान के मजदूरों पर आंदोलन के दौरान किए गए फर्जी मामलों का मुद्दा उठाया। संगठन ने कहा कि मजदूरों ने जब अपने अधिकारों, वेतन और सम्मान के लिए आंदोलन किया तब उन पर दमनात्मक कार्रवाई की गई।
खास तौर पर महिला मजदूरों के ऊपर फर्जी मामले दर्ज किए गए, पुलिस प्रशासन द्वारा डराने-धमकाने की कोशिश की गई तथा आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास हुआ।
PBCMS ने विधायक जी से मांग की कि नई सरकार इन फर्जी मामलों को जल्द रद्द करवाने की पहल करे तथा भविष्य में मजदूर आंदोलनों का सम्मान करते हुए बातचीत के माध्यम से समाधान निकाला जाए।
5. PBCMS एक गैर राजनीतिक पंजीकृत ट्रेड यूनियन है , यूनियन के सभी कानून नियम pbcms के सदस्य मानते है लेकिन पिछली सरकार ने PBCMS को कभी भी मान्यता नहीं दिया , हम यह उम्मीद करते है कि नई सरकार PBCMS को जरूर महत्व देगी और जब प्रशानिक स्तर पर मजदूरों हितों में मीटिंग होगी तो सभी यूनियन की तरह PBCMS को भी बुलाया जाएगा ।
संगठन ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में मजदूरों को विरोध और आंदोलन करने का संवैधानिक अधिकार है और किसी भी सरकार को दमन, फर्जी मामला या पुलिसिया डर के जरिए मजदूरों की आवाज दबाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
6. प्रत्येक चाय बागान में ICC गठन की मांग
महिला मजदूरों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक चाय बागान में ICC (Internal Complaint Committee) के गठन की मांग भी रखी गई। संगठन ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था तुरंत लागू की जानी चाहिए।
7. न्यूनतम मजदूरी लागू करने की मांग
संगठन ने मांग की कि चाय बागान मजदूरों के लिए कानूनी न्यूनतम मजदूरी जल्द से जल्द लागू की जाए। यह मजदूरी सर्वोच्च न्यायालय द्वारा रेप्ताकोश ब्रेड मामले में दिए गए निर्देशों तथा 15वें भारतीय श्रम सम्मेलन (15th ILC) के आधार पर तय की जाए।
साथ ही मजदूरी को हर छह महीने में महंगाई के अनुसार संशोधित करने की मांग भी रखी गई।
8. स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे
बैठक में अस्पतालों में डॉक्टर, दवा और एम्बुलेंस की व्यवस्था, स्थायी अस्पताल निर्माण, महिलाओं के लिए शौचालय, साफ पानी, सड़क मरम्मत और नालियों की समस्या को भी उठाया गया।
इसके अलावा स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने, Junior High School को High School में अपग्रेड करने, Community Hall निर्माण तथा अधूरे ICDS सेंटर को जल्द पूरा करने की मांग भी रखी गई।
9. जमीन पर मालिकाना अधिकार एवं सरकारी योजनाओं की मांग
PBCMS ने मांग रखी कि चाय बागान क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनकी जमीन पर संपूर्ण मालिकाना अधिकार देने हेतु विधानसभा में कानून बनाया जाए।
10. इसके साथ ही बंद चाय बागानों में नियमित राशन एवं राहत व्यवस्था, मुफ्त एम्बुलेंस सेवा, FAWLOI योजना के प्रभावी संचालन तथा सभी सरकारी योजनाओं एवं सार्वजनिक संस्थानों की नियमित निगरानी की मांग भी विधायक जी के सामने रखी गई।
बैठक के अंत में संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे नई सरकार से मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और समस्याओं के समाधान की उम्मीद करते हैं। लेकिन यदि आने वाले समय में मजदूरों की मांगों को अनसुना किया गया और कोई ठोस समाधान नहीं निकला, तो PBCMS बड़े आंदोलन के लिए हमेशा तैयार रहेगा।
संगठन ने स्पष्ट कहा कि मजदूरों की लड़ाई न्याय, सम्मान और अधिकार की लड़ाई है, और यह संघर्ष लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी जारी रहेगा।