01/06/2026
खरीफ सीजन में किसानों को समय पर मिले खाद, पर्याप्त भंडारण रखें- कलेक्टर श्रीमती यादव
---000----
स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों परिसर से हटवाएं मधुमक्खियों के छत्ते
---000----
कलेक्टर ने टीएल बैठक में, सीएम हेल्पलाईन, राजस्व प्रकरणों सहित विभागीय योजनाओं की समीक्षा की
खरीफ सीजन को देखते हुए जिले के किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने दिए हैं। सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की मांग एवं आवश्यकता के अनुसार खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए तथा गुणवत्तायुक्त कृषि आदानों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण की व्यवस्था के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। सभी सहकारी समितियों के सदस्यों को ई-टोकन जनरेट कर खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मैदानी स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर किसानों को जागरूक किया जाए तथा ई-टोकन से खाद प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर कृषि एवं सहकारिता विभाग का अमला तत्परता से उसका समाधान सुनिश्चित करे।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, अस्पताल परिसरों में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को सुरक्षित रूप से हटाने की कार्यवाही शीघ्र कराने के निर्देश वन विभाग को दिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। स्थानांतरण के संबंध में भी कलेक्टर ने विभाग प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग प्रमुख स्थानांतरण नीति का भली-भांति अध्ययन कर प्राप्त होने वाले स्थानांतरण प्रकरणों में नियमानुसार समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करें तथा प्रकरण अग्रेषित करें, जिससे स्थानांतरण प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
जनगणना कार्य की सराहना
कलेक्टर ने जनगणना-2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकानों के सूचीकरण एवं गणना कार्य की समीक्षा करते हुए जिले में किए गए बेहतर कार्य के लिए संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की प्रशंसा की। साथ ही शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर जताई नाराजगी
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। शिकायतों के निराकरण में ‘डी‘ ग्रेड प्राप्त करने वाले आयुष, शिक्षा एवं खनिज विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के प्रति उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा आगामी समीक्षा तक ‘ए‘ ग्रेड प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न किया जाए और शिकायतें नॉन अटेंड अगले स्तर पर न जाएं। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित अवधि में प्रकरणों का निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही राजस्व मदों में वसूली लक्ष्य की पूर्ति हेतु शिविर आयोजित कर वसूली कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की समीक्षा
बैठक में समग्र ई-केवाईसी, आधार संबंधी शिकायतों, आईगोट पंजीयन, सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित टीएल प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में कर पोर्टल पर जवाब दर्ज करना सुनिश्चित करें। साथ ही कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कर्मचारियों के डीपीएफ की जानकारी सभी विभाग प्रमुख 25 जून से पहले कोषालय में देवे।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री आरपी वर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्री बीएस सोलंकी, एसडीएम आगर श्री मिलिन्द ढ़ोके, एसडीएम सुसनेर श्रीमती किरण बरबड़े, डिप्टी कलेक्टर श्री सर्वेश यादव, श्री प्रेमनारायण परमार, श्री कमल मंडलोई सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
#आगरमालवा