26/06/2026
यूपी में 26 जून को मुहर्रम है। इससे एक दिन पहले बुधवार को फिरोजाबाद में ASP ग्रामीण अनुज चौधरी ताजिए की ऊंचाई मापते नजर आए। एक ताजिएदार ने उन्हें ताजिए की ऊंचाई सात फीट बताई। इस पर अनुज चौधरी ने फीते (इंटी टेप) से माप ली तो वह करीब 10 फीट की निकली।
ASP अनुज चौधरी ने कहा- जमीन से ताजिए की कुल ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। ताकि जुलूस मार्ग पर बिजली के तारों में ताजिया न फंसे। किसी प्रकार का हादसा न हो। अगर किसी ने इससे ऊपर ताजिए की ऊंचाई रखी तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
अनुज चौधरी ने शिकोहाबाद, जसराना और सिरसागंज जैसे संवेदनशीन इलाकों का दौरा किया। उन्होंने कहा- जिन क्षेत्रों में निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचे ताजिए बनाए जाने की सूचना मिल रही है, वहां पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखा जाए।
अनुज चौधरी: "कितना हुआ?"
ताजिएदार: "7 फीट हो गया।"
अनुज चौधरी: "7?"
ताजिएदार: "एक पूरा हो गया है।"
अनुज चौधरी: "7 फीट हो गया?"
अनुज चौधरी: "टोटल इसकी लंबाई कितनी हो गई?"
ताजिएदार: "9.5 फीट।"
अनुज चौधरी: "9.5 फीट? ये 7 फीट, और ये... लगभग 10-10.5 फीट हो गई।"
अनुज चौधरी: "तो वो उससे ठीक रहेगा..."
अनुज चौधरी ने बिजली के तारों की ऊंचाई भी चेक की
एएसपी अनुज चौधरी ने रास्ते में बिजली के तारों की भी ऊंचाई चेक की। उन्होंने कहा, निर्धारित मानकों के अनुरूप ताजिए की कुल ऊंचाई करीब 10 से 10.5 फीट के बीच है, जो तय सीमा के भीतर है। सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि बिजली के तारों या अन्य कारणों से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो और मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।