MCI Lakshya

MCI Lakshya � MCI LAKSHYA
Education | Awareness | Development
Working for a better, educated and empowered Mewat

NEET-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले मेवात सहित देशभर के सभी विद्यार्थियों को MCI LAKSHYA परिवार और आज़ाद मेहराब की ओर ...
18/07/2026

NEET-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले मेवात सहित देशभर के सभी विद्यार्थियों को MCI LAKSHYA परिवार और आज़ाद मेहराब की ओर से दिली मुबारकबाद।
सबसे पहले हम उन सभी होनहार बच्चों को बधाई देते हैं जिन्होंने अपने शानदार परिणामों से अपने माता पिता, शिक्षकों और पूरे मेवात का नाम रोशन किया है। आपकी सफलता इस बात का सबूत है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से हर मंज़िल हासिल की जा सकती है।
लेकिन आज हम खास तौर पर उन बच्चों से भी मुख़ातिब होना चाहते हैं जिन्हें इस बार मनचाहा परिणाम नहीं मिल सका।

प्यारे बच्चों, हिम्मत मत हारिए।
एक परीक्षा और कुछ नंबर आपकी पूरी ज़िंदगी का फैसला नहीं करते। यह ज़रूरी नहीं कि कम अंक आपकी सलाहियत (क्षमता) टेलेंट और जज़्बे को बयान करें। कई बार परिस्थितियाँ, मानसिक दबाव या किस्मत भी इंसान के साथ नहीं होती। लेकिन आपकी मेहनत, आपका संघर्ष और आपके सपने कभी बेकार नहीं जाते।
हो सकता है कि अल्लाह तआला ने आपके लिए इससे भी बेहतर रास्ता और बेहतर मुकाम तय कर रखा हो। इसलिए खुद पर भरोसा रखिए, दोबारा मेहनत कीजिए और नए हौसले के साथ आगे बढ़िए। याद रखिए, कामयाबी अक्सर उन्हीं लोगों के कदम चूमती है जो हार के बाद भी कोशिश करना नहीं छोड़ते।

Mission Mewat Education का मकसद सिर्फ बच्चों को परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि उन्हें एक मजबूत, शिक्षित, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार इंसान बनाना है। हमारा यकीन है कि मेवात का हर बच्चा अगर शिक्षा से जुड़ेगा, तो वह अपने परिवार, समाज और देश का भविष्य बदल सकता है।

हम माता पिता से भी गुज़ारिश करते हैं कि बच्चों की तुलना दूसरों से न करें। उनका हौसला बढ़ाइए, उन्हें समझिए और हर हाल में उनका साथ दीजिए। कई बार एक बच्चे को डांट नहीं, बल्कि भरोसे और मोहब्बत की सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है।
आइए, मिलकर ऐसा मेवात बनाएं जहाँ कोई बच्चा सिर्फ नाकामयाबी के डर से अपने सपने छोड़ने पर मजबूर न हो।

शिक्षा हमारी ताकत है, और मेवात का हर बच्चा हमारी जिम्मेदारी।

आज़ाद मेहराब ✍️

MCI LAKSHYA
Mission Mewat Education।

आज आज़ाद मेहराब के नेतृत्व में Mission Mewat Education पर काम करने वाली MCI Lakshya की टीम ने आज़ाद मेहराब के नेतृत्व मे...
17/07/2026

आज आज़ाद मेहराब के नेतृत्व में Mission Mewat Education पर काम करने वाली MCI Lakshya की टीम ने आज़ाद मेहराब के नेतृत्व में हथीन ब्लॉक के गांव मालूका का दौरा किया। इस दौरान टीम ने गांव के राजकीय विद्यालय का निरीक्षण किया और ग्रामीणों, अभिभावकों तथा स्थानीय लोगों से शिक्षा को लेकर विस्तार से बातचीत की। दौरे के दौरान यह महसूस हुआ कि स्कूल का रखरखाव और परिसर अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में है, लेकिन कुछ ऐसी गंभीर चुनौतियां भी सामने आईं जो बच्चों की शिक्षा को प्रभावित कर रही हैं। सबसे बड़ी समस्या शिक्षकों की कमी की रही।
आज़ाद मेहराब ने कहा कि केवल स्कूल की इमारत अच्छी होने से शिक्षा मजबूत नहीं होती। मजबूत शिक्षा के लिए योग्य शिक्षक, जागरूक अभिभावक, प्रेरित विद्यार्थी और समाज का सहयोग इन चारों का साथ होना जरूरी है। ग्रामीणों ने भी इस बात पर चिंता व्यक्त की कि पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इसके साथ ही यह भी महसूस हुआ कि गांव में शिक्षा के प्रति जागरूकता और बच्चों को प्रेरित करने वाले माहौल की भी जरूरत है। केवल स्कूल होना ही काफी नहीं, बल्कि समाज का शिक्षा के प्रति गंभीर होना भी उतना ही जरूरी है।आज़ाद मेहराब ने कहा कि मजबूत समाज की बुनियाद मजबूत शिक्षा से ही रखी जाती है। यदि आज हम अपने बच्चों की शिक्षा के लिए खड़े नहीं होंगे, तो आने वाली पीढ़ियां इसकी बड़ी कीमत चुकाएंगी।
उन्होंने कहा कि Mission Mewat Education का उद्देश्य सिर्फ कमियों को गिनाना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए समाज और प्रशासन के बीच एक सकारात्मक संवाद स्थापित करना है। हमारी टीम गांव गांव जाकर शिक्षा की वास्तविक स्थिति का अध्ययन कर रही है और लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है।MCI Lakshya मेवात के स्कूलों से जुड़े इन मुद्दों शिक्षकों की कमी, बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को मजबूती से उठाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि सरकार और संबंधित विभागों तक जमीनी हकीकत पहुंचे, ताकि इन समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें। हम गांव मालूका, मेवात और देश के सभी अभिभावकों से भी अपील करते हैं कि अपने बच्चों की शिक्षा को अपनी पहली जिम्मेदारी समझें। सरकार की जिम्मेदारी अपनी जगह है, लेकिन समाज की जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है।

आइए, मिलकर संकल्प लें कि मेवात का हर बच्चा पढ़ेगा, हर स्कूल मजबूत होगा और शिक्षा को मेवात की सबसे बड़ी ताकत बनाया जाएगा।

आज़ाद मेहराब
MCI Lakshya Mission Mewat Education

हरियाणा के कैथल जिले के एक गांव बलवंती का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आज कल पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है...
13/07/2026

हरियाणा के कैथल जिले के एक गांव बलवंती का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आज कल पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। साफ़ सुथरा और हराभरा परिसर, स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, आरओ सिस्टम के साथ स्वच्छ पेयजल, हर कक्षा के बाहर सूचना पट्ट, 16 सीसीटीवी कैमरे और अनुशासन पर विशेष ध्यान यह सब बताता है कि जब शिक्षा को प्राथमिकता दी जाती है, तो सरकारी स्कूल भी उत्कृष्ट बन सकते हैं।
बस यही वह सवाल और फ़र्क हैं जिन्हें लेकर आज़ाद मेहराब चिंतित और फिक्रमंद हैं, सरकार की नज़र अंदाजी हो या हमारे नेताओं को कुंभकर्णी नींदें, यही सब हमारे समाज की तरक्की और बच्चों के भविष्य का गला घोंट रहे हैं।
अब एक सवाल हम अपने मेवात से पूछना चाहते हैं, क्या हमारे बच्चों का भविष्य इससे कम कीमती है?

मेवात में आज भी ऐसे दर्जनों सरकारी स्कूल हैं जहाँ शिक्षकों की कमी है, कहीं भवन जर्जर हैं, कहीं बच्चों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं, कहीं पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएँ तक पूरी नहीं हैं। यह सिर्फ़ सरकारी व्यवस्था का सवाल नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक जागरूकता का भी सवाल है।

आज़ाद मेहराब का कहना है कि कैथल और दूसरे जिलों के लोग अपने बच्चों की शिक्षा को लेकर आवाज़ उठाते हैं। वे प्रशासन तक पहुँचते हैं, अपने जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछते हैं और अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करते हैं। इसी जागरूकता का नतीजा है कि उनके स्कूल लगातार बेहतर होते जा रहे हैं। लेकिन मेवात में अक्सर हम अपने बच्चों के भविष्य पर बात तो करते हैं, मगर उसके लिए संगठित होकर आवाज़ कम उठाते हैं। अगर हम अपने स्कूलों की हालत बदलना चाहते हैं, तो हमें भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा।

Mission Mewat Education का मकसद किसी से टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि मेवात के हर गाँव में शिक्षा को जन आंदोलन बनाना है।
आज आज़ाद मेहराब मेवात के हर माँ-बाप, हर नौजवान, हर शिक्षक और हर ज़िम्मेदार नागरिक से अपील करते हैं
अपने गाँव में 5 से 10 जागरूक लोगों की एक Education Team बनाइए।

अपने स्कूल का निरीक्षण कीजिए।
जहाँ शिक्षक नहीं हैं, वहाँ नियुक्ति की माँग कीजिए। जहाँ भवन टूटे हुए हैं, वहाँ मरम्मत की आवाज़ उठाइए। जहाँ पानी, शौचालय, लैब या दूसरी सुविधाओं की कमी है, वहाँ प्रशासन और अपने चुने हुए जनप्रतिनिधियों से जवाब माँगिए।

याद रखिए, जिस दिन मेवात का समाज अपने बच्चों की शिक्षा के लिए एकजुट होकर खड़ा हो जाएगा, उसी दिन से बदलाव की शुरुआत हो जाएगी। हम अपने बच्चों के लिए भी वही स्कूल चाहते हैं, वही सुविधाएँ चाहते हैं और वही अवसर चाहते हैं, जो हरियाणा के दूसरे जिलों के बच्चों को मिल रहे हैं। ख़ामोशी कभी भविष्य नहीं बदलती, लेकिन जागरूक समाज इतिहास बदल देता है।

आज़ाद मेहराब
MCI Lakshya Mission Mewat Education

देश का कोई भी हिस्सा जब वहाँ के लोगों को लगता है कि उनके बच्चों की शिक्षा के साथ अन्याय हो रहा है, तो वे चुप नहीं बैठते।...
11/07/2026

देश का कोई भी हिस्सा जब वहाँ के लोगों को लगता है कि उनके बच्चों की शिक्षा के साथ अन्याय हो रहा है, तो वे चुप नहीं बैठते। वे सड़कों पर उतरते हैं, अपनी आवाज़ बुलंद करते हैं, अपने जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछते हैं, सरकार से जवाब मांगते हैं और अपने बच्चों के भविष्य के लिए हर लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ते हैं। मेवात में भी ऐसे दर्जनों सरकारी स्कूल हैं जहाँ शिक्षकों की भारी कमी है। कहीं विज्ञान का शिक्षक नहीं, कहीं गणित पढ़ाने वाला नहीं, कहीं एक ही शिक्षक कई कक्षाओं का बोझ उठा रहा है। कई स्कूल बुनियादी सुविधाओं से भी जूझ रहे हैं। बच्चों के सपने तो बड़े हैं, लेकिन व्यवस्था अक्सर छोटी पड़ जाती है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि हमने अपने बच्चों के हक़ के लिए कितनी बार आवाज़ उठाई? क्या हम अपने बच्चों की तबाही का इंतज़ार करते रहेंगे?
क्या हम यह मान लें कि मेवात के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलना उनकी तक़दीर में ही नहीं है? आज़ाद मेहराब का मानना है कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी लड़ाई राजनीति की नहीं, शिक्षा की होनी चाहिए। क्योंकि जिस समाज के स्कूल मज़बूत होते हैं, उसी समाज की अदालतें, अस्पताल, उद्योग, कारोबार और नेतृत्व भी मज़बूत होते हैं। और अगर कोई समाज अपने बच्चों की शिक्षा के लिए आवाज़ नहीं उठाता, तो वह आने वाली नस्लों के साथ सबसे बड़ा अन्याय करता है।
आज Mission Mewat Education किसी व्यक्ति, किसी दल या किसी विचारधारा के ख़िलाफ़ नहीं, बल्कि मेवात के हर बच्चे के भविष्य के हक़ में खड़ा है। आज़ाद मेहराब चाहते हैं कि मेवात का हर बच्चा वही मौके पाए जो देश के दूसरे हिस्सों के बच्चों को मिलते हैं। हम मेवात के हर माँ बाप, हर नौजवान, हर शिक्षक हर समाजसेवी और हर ज़िम्मेदार नागरिक से हाथ जोड़कर अपील करते हैं, कि अगर आपके गाँव के स्कूल में शिक्षक नहीं हैं, तो आवाज़ उठाइए। अगर स्कूल की इमारत जर्जर है, तो सवाल पूछिए। अगर बच्चों को पीने का पानी, शौचालय, प्रयोगशाला, लाइब्रेरी या बुनियादी सुविधाएँ नहीं मिल रही हैं, तो उसके लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कीजिए।
अपने विधायक, सांसद, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से पूछिए कि हमारे बच्चों का भविष्य कब तक इंतज़ार करेगा? जिस कुर्सी पर जनता ने किसी को बैठाया है, उसका पहला फ़र्ज़ जनता के बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना है। इसलिए सवाल पूछना विरोध नहीं, बल्कि एक जागरूक नागरिक का अधिकार है।
आज़ाद मेहराब आप सबसे यही कहना चाहते हैं सरकारें आएंगी और जाएंगी, लेकिन आपका बच्चा बचपन सिर्फ़ एक बार जीता है। अगर उसकी शिक्षा के ये साल निकल गए, तो कोई सरकार उसे वापस नहीं लौटा सकती। इसलिए अब ख़ामोशी नहीं। अपने बच्चों के भविष्य के लिए खड़े हो जाइए।अपने स्कूलों के लिए खड़े हो जाइए। अपनी आने वाली नस्लों के लिए खड़े हो जाइए।
हर गाँव से कम से कम 5 से 10 जागरूक लोगों की एक टीम बनाइए। इस टीम में शिक्षक, नौजवान, अभिभावक, समाजसेवी और गाँव के ज़िम्मेदार लोग शामिल हों। अपने गाँव के स्कूलों का जायज़ा लीजिए, जहाँ शिक्षक नहीं हैं उनकी सूची बनाइए, जहाँ भवन जर्जर हैं, जहाँ पीने का पानी, शौचालय या दूसरी बुनियादी सुविधाएँ नहीं हैं, उन समस्याओं को लिखित रूप में तैयार कीजिए।
फिर एकजुट होकर शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन, अपने विधायक, सांसद और चुने हुए जनप्रतिनिधियों के सामने अपनी बात रखिए। लोकतांत्रिक तरीके से अपने बच्चों के अधिकार की आवाज़ बुलंद कीजिए।
क्योंकि इतिहास गवाह है जो समाज शिक्षा के लिए लड़ता है, वही समाज तरक्की करता है। और जो समाज शिक्षा पर ख़ामोश रहता है, उसकी ख़ामोशी उसकी आने वाली पीढ़ियों की सबसे बड़ी सज़ा बन जाती है। आज आज़ाद मेहराब जैसे समाज और बच्चों के मुस्तकबिल के हमदर्द आपकी आवाज के साथ आपकी आवाज की जान बनकर खड़े हैं, इसलिए सभी एक आवाज होकर अपने बच्चों के बेहतर और शिक्षित भविष्य के लिए आवाज़ उठाएं, और अपने चुने हुए जनप्रतिनिधियों से अपना हक मांगना शुरू कीजिए। वरना कोई आपके बच्चों का हाथ पड़कर उसकी नैया पार लगाने नहीं आएगा।

आज़ाद मेहराब ✍️
MCI Lakshya, Mission Mewat Education

हाल ही में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में सरकारी स्कूलों की संख्या लगातार घट रही है। कई राज्यों में स्कूल बंद ...
10/07/2026

हाल ही में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में सरकारी स्कूलों की संख्या लगातार घट रही है। कई राज्यों में स्कूल बंद हुए हैं, जबकि कुछ जगहों पर छात्रों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि अनेक स्कूल आज भी शिक्षकों की कमी, संसाधनों के अभाव और कमजोर शैक्षणिक व्यवस्था जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। लेकिन इस ख़बर से हमें सिर्फ़ चिंता नहीं, बल्कि सीख लेने की ज़रूरत है।
आज़ाद मेहराब का मानना है कि मेवात समेत देश को इस स्थिति से सबक लेना होगा। अगर आज भी हमने शिक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता नहीं बनाया, तो आने वाली नस्लों के लिए मुश्किलें और बढ़ जाएँगी। स्कूल सिर्फ़ इमारतें नहीं होते, बल्कि किसी समाज के भविष्य की बुनियाद होते हैं। जब स्कूल कमज़ोर होते हैं, तो पूरा समाज कमज़ोर पड़ने लगता है।
कभी इन्हीं सरकारी स्कूलों की इमारतों को इस उम्मीद के साथ खड़ा किया गया था कि यहीं से देश का भविष्य रोशन होगा। इन्हीं कक्षाओं से डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, वैज्ञानिक और देश का नेतृत्व करने वाले लोग निकलेंगे। लेकिन आज जब कई जगहों पर स्कूल बंद होने की ख़बरें सामने आ रही हैं, तो यह सिर्फ़ एक प्रशासनिक मामला नहीं, बल्कि आने वाली नस्लों के भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है।
आज़ाद मेहराब का मानना है कि जब शिक्षा पीछे छूटती है, तो समाज भी पीछे छूट जाता है। जिस देश में युवा सबसे बड़ी ताक़त हों, वहां अगर स्कूल कमज़ोर पड़ने लगें और शिक्षा प्राथमिकता न रहे, तो यह चिंता का विषय है। बेरोज़गारी से जूझ रहे युवाओं को कभी "कॉकरोच" जैसे अपमानजनक शब्दों से पुकारना उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता। युवाओं को सम्मान, अवसर और मज़बूत शिक्षा व्यवस्था चाहिए।
आज़ाद मेहराब का साफ़ संदेश है कि सिर्फ़ सरकारों के भरोसे बैठकर भविष्य नहीं बदलेगा। अगर हमें अपने बच्चों का कल सुरक्षित बनाना है, तो समाज और हर माँ बाप को खुद आगे आना होगा। कोई भी सरकार आपके बच्चे का हाथ उतनी मज़बूती से नहीं पकड़ सकती, जितनी मज़बूती से उसके अपने माँ बाप और समाज उसे संभाल सकते हैं।

Mission Mewat Education इसी सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। हमारा मक़सद किसी से टकराव नहीं, बल्कि शिक्षा को जनआंदोलन बनाना है। हम चाहते हैं कि मेवात का हर बच्चा अच्छी शिक्षा पाए, हर स्कूल मज़बूत बने और हर परिवार यह समझे कि शिक्षा ही वह हथियार है जो नशे, अपराध, बेरोज़गारी, अंधविश्वास और पिछड़ेपन जैसी बुराइयों को जड़ से खत्म कर सकता है। आज ज़रूरत सिर्फ़ सवाल पूछने की नहीं, बल्कि ज़िम्मेदारी उठाने की है।

आइए मिलकर यह संकल्प लें कि मेवात का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। यही हमारी सबसे बड़ी सामाजिक ज़िम्मेदारी है और यही आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा फ़र्ज़ है।

MCI Lakshya
Mission Mewat Education

मेरे समाज के मां-बाप से एक दिली गुज़ारिश !बच्चों को सिर्फ अच्छी रोटी, अच्छे कपड़े और अच्छी तालीम देना ही काफी नहीं है, ब...
08/07/2026

मेरे समाज के मां-बाप से एक दिली गुज़ारिश !
बच्चों को सिर्फ अच्छी रोटी, अच्छे कपड़े और अच्छी तालीम देना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें अच्छी संगत, अच्छे संस्कार और आपका समय भी चाहिए। आज समाज में नशा, गलत संगत और सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल हमारी नई नस्ल के लिए बड़ी चुनौती बन चुके हैं। इनसे सिर्फ कानून नहीं, बल्कि सबसे पहले मां बाप की परवरिश, निगरानी और मोहब्बत ही बचा सकती है।
अपने बच्चों के दोस्तों को जानिए, उनके साथ बैठकर बात कीजिए, उनकी परेशानियां सुनिए और उन्हें यह एहसास दिलाइए कि हर हाल में उनका सबसे बड़ा सहारा उनका परिवार है। साथ ही, बच्चों की सेहत का भी खास ख्याल रखें। उन्हें मोबाइल की दुनिया से निकालकर खेल के मैदान तक ले जाइए। पौष्टिक भोजन, नियमित व्यायाम और अच्छी दिनचर्या उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाएगी।

आज़ाद मेहराब कहते हैं,
"अगर हम अपने बच्चों को आज सही परवरिश, अच्छी शिक्षा और अच्छे संस्कार देंगे, तो कल हमें समाज की बुराइयों से लड़ने की जरूरत बहुत कम पड़ेगी"

Mission Mewat Education का मकसद एक ऐसी पीढ़ी तैयार करना है जो शिक्षित भी हो, स्वस्थ भी हो और अच्छे किरदार की मालिक भी हो।

आइए, अपने बच्चों का हाथ थामिए, इससे पहले कि गलत संगत उनका हाथ थाम ले।

आज़ाद मेहराब ✍️
MCI Lakshya
Mission Mewat Education

मिशन मेवात एजुकेशन का सफर लगातार आगे बढ़ रहा है!  बीते दिन MCI Lakshya (आज़ाद मेहराब) टीम की राजस्थान के नगर और अलवर क्ष...
06/07/2026

मिशन मेवात एजुकेशन का सफर लगातार आगे बढ़ रहा है!
बीते दिन MCI Lakshya (आज़ाद मेहराब) टीम की राजस्थान के नगर और अलवर क्षेत्र के कई जिम्मेदार, जागरूक और समाजसेवी लोगों से मुलाक़ात हुई।
इन मुलाक़ातों का मकसद सिर्फ परिचय कराना नहीं था, बल्कि Mission Mewat Education की सोच, उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं को साझा करना था। बातचीत के दौरान शिक्षा, युवाओं का भविष्य, सामाजिक जागरूकता, मदरसों और स्कूलों की स्थिति तथा समाज की मौजूदा चुनौतियों पर खुलकर चर्चा हुई।
खुशी की बात यह रही कि जिन लोगों से भी मुलाक़ात हुई, लगभग सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि यदि मेवात को बदलना है तो इसकी शुरुआत शिक्षा से ही करनी होगी। समाज के जिम्मेदार लोगों ने मिशन की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
आज़ाद मेहराब ने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी की आलोचना करना नहीं, बल्कि समाज के हर जिम्मेदार व्यक्ति को एक मंच पर लाकर शिक्षा की ऐसी मुहिम शुरू करना है, जिसका फायदा आने वाली नस्लों को मिले।
Mission Mewat Education सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि मेवात के बेहतर भविष्य का एक संकल्प है। यह सफर गांव गांव, शहर शहर और हर उस व्यक्ति तक पहुंचेगा जो अपने समाज को शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर देखना चाहता है।

इंशाअल्लाह, यह कारवां बढ़ता रहेगा और हम सब मिलकर एक ऐसे मेवात की नींव रखेंगे, जिसकी पहचान शिक्षा, संस्कार और तरक्की से होगी।

आज़ाद मेहराब
MCI Lakshya, Mission Mewat Education

मिशन मेवात एजुकेशन के तहत एक और प्रेरणादायक पड़ाव…आज MCI Lakshya (आज़ाद मेहराब) टीम को मदरसा मील खेड़ला जाने का अवसर मिल...
05/07/2026

मिशन मेवात एजुकेशन के तहत एक और प्रेरणादायक पड़ाव…

आज MCI Lakshya (आज़ाद मेहराब) टीम को मदरसा मील खेड़ला जाने का अवसर मिला, जहां मदरसे के इंचार्ज मौलाना राशिद साहब से विस्तार से मुलाक़ात और बातचीत हुई।
यह मुलाक़ात सिर्फ एक औपचारिक भेंट नहीं थी, बल्कि मेवात की शिक्षा, समाज के भविष्य और दीनी तालीम के साथ आधुनिक शिक्षा को जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा का अवसर बनी।

बातचीत के दौरान इतिहास, समाज और शिक्षा के कई पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ, लेकिन सबसे अहम विषय मदरसों में मॉडर्न एजुकेशन को लेकर रहा। यह देखकर खुशी हुई कि मौलाना राशिद साहब भी इस विषय को लेकर बेहद गंभीर और फिक्रमंद नज़र आए।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में चाहे मदरसे हों या दूसरे शैक्षणिक संस्थान, आधुनिक शिक्षा समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। दीनी तालीम के साथ-साथ बच्चों को विज्ञान, तकनीक, अंग्रेज़ी, कंप्यूटर और आधुनिक विषयों से जोड़ना भी जरूरी है, ताकि वे अपने दीन पर कायम रहते हुए दुनिया के हर क्षेत्र में कामयाबी हासिल कर सकें।

इस दौरे के दौरान मदरसे का इंतज़ाम, अनुशासन और तालीमी माहौल देखकर दिल खुश हो गया। बड़ी संख्या में बच्चों और बच्चियों को इतने बेहतर तरीके से शिक्षा देना, उनकी परवरिश और तालीम का प्रबंधन करना वास्तव में काबिले-तारीफ है। यह उन लोगों की मेहनत और खिदमत का नतीजा है जो खामोशी से समाज की नई पीढ़ी को संवारने में लगे हुए हैं।
आज़ाद मेहराब ने कहा कि मदरसे हमारी तहज़ीब, अख़लाक़ और दीनी तालीम के मजबूत मरकज़ हैं। अगर इन्हें आधुनिक शिक्षा से भी जोड़ दिया जाए तो यही संस्थान आने वाले समय में समाज के लिए डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, और दीनी मैदान के साथ साथ दुनियावी ऐतबार से भी तैयार कर सकते हैं।

Mission Mewat Education का उद्देश्य यही है कि स्कूलों के साथ साथ मदरसों को भी आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में समाज के साथ मिलकर काम किया जाए, ताकि मेवात की आने वाली नस्लें दीन और दुनिया दोनों में कामयाब हो सकें।

एक बेहतर मेवात की शुरुआत, बेहतर शिक्षा से होगी।

आज़ाद मेहराब
MCI Lakshya
Mission Mewat Education

मेवात के भविष्य की नई उम्मीद… HTET-2026 के सभी अभ्यर्थियों को दिल से शुभकामनाएं!हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET-20...
03/07/2026

मेवात के भविष्य की नई उम्मीद… HTET-2026 के सभी अभ्यर्थियों को दिल से शुभकामनाएं!

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET-2026) में शामिल होने वाले मेवात और प्रदेश के सभी अभ्यर्थियों के लिए MCI Lakshya की ओर से ढेरों शुभकामनाएं और दुआएं।
यह परीक्षा सिर्फ एक नौकरी का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा की मशाल जलाने वाले शिक्षकों के चयन का अवसर है। हमें उम्मीद है कि मेवात के अधिक से अधिक युवा इस परीक्षा में सफलता हासिल करेंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।
इस अवसर पर नूंह जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए किए गए प्रयास भी सराहनीय हैं। परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर अनुशासन, पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्थाएं अभ्यर्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं।
मिशन मेवात एजुकेशन के तहत हमारी सभी विद्यार्थियों से अपील है कि परीक्षा को पूरी ईमानदारी, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ दें। याद रखिए, आपकी मेहनत सिर्फ आपकी नहीं, बल्कि पूरे समाज की उम्मीद है।
आइए, मिलकर ऐसा मेवात बनाएं जहां हर घर से एक शिक्षक, एक डॉक्टर, एक इंजीनियर, एक अधिकारी और एक जिम्मेदार नागरिक निकले।
शिक्षा ही बदलाव की सबसे बड़ी ताकत है!

Team MCI Lakshya
Mission Mewat Education

मेवात एजुकेशन मिशन के तहत एक और अहम कदम…आज़ाद मेहराब की MCI Lakshya टीम ने मेवात के अलग-अलग इलाकों में कई स्कूलों का दौर...
02/07/2026

मेवात एजुकेशन मिशन के तहत एक और अहम कदम…
आज़ाद मेहराब की MCI Lakshya टीम ने मेवात के अलग-अलग इलाकों में कई स्कूलों का दौरा किया और वहां की जमीनी हकीकत को समझने की कोशिश की।
दौरे के दौरान स्कूलों की हालत देखकर कई सवाल खड़े हुए। कहीं बच्चों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, कहीं बुनियादी सुविधाओं की कमी नजर आई और कहीं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई अहम पहलू चिंता का विषय बने।
स्कूल किसी भी समाज के भविष्य की पहली सीढ़ी होते हैं। अगर बच्चों को बेहतर माहौल, सही सुविधाएं और अच्छी शिक्षा नहीं मिलेगी तो आने वाली नस्लों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।

MCI Lakshya जल्द ही मिशन मेवात एजुकेशन के तहत स्कूलों की स्थिति, शिक्षा व्यवस्था और बच्चों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से काम करेगा, ताकि सही तस्वीर सामने लाई जा सके और सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।
हमारा मकसद किसी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि शिक्षा को मजबूत बनाना और बच्चों के भविष्य के लिए एक बेहतर माहौल तैयार करना है।
क्योंकि एक बेहतर मेवात की शुरुआत, एक बेहतर स्कूल से होती है।
#मेवात

Address

Nuh

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when MCI Lakshya posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Share

Category