01/06/2026
सकरी हाईवे पर बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम जी का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
मधुबनी:बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम जी के अररिया जाने के क्रम में मधुबनी जिले के सकरी हाईवे पर उनका भव्य और गर्मजोशी भरा स्वागत किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मधुबनी जिला कांग्रेस कमेटी (पश्चिम) की जिलाध्यक्ष मीना देवी कुशवाहा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष मीना देवी कुशवाहा ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम को मिथिला की पारंपरिक पाग एवं चादर भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और कांग्रेस पार्टी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मूलभूत मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और जनहितकारी कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की असली ताकत है और कार्यकर्ताओं की निष्ठा व मेहनत से ही आगामी समय में कांग्रेस और अधिक सशक्त होगी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मीना देवी कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का मधुबनी आगमन कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिल रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को धरातल पर सफल बनाएंगे।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरीय उपाध्यक्ष महंत गोपाल झा दास, किसान कांग्रेस सेल के नेता अशोक चौरसिया, जयनगर प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, महंत मुकेश दास कुशवाहा, इंजीनियर कमलेश मंडल, पंकज कुमार यादव, मोहम्मद अब्दुल्ला, संतन पासवान, राघवेंद्र चौधरी, युवा कांग्रेस नेता राजकमल कुशवाहा, तनवीर अहमद, अजहर हुसैन, मोहम्मद आदिल, मोहम्मद कमाल और मोहम्मद मुदस्सिर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।