22/06/2026
क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी की पहल से पुनः प्रारंभ हुई चर्च की आराधना
मस्तूरी(बिलासपुर): क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी के निरंतर प्रयास, समर्पण और प्रार्थनापूर्ण पहल के परिणामस्वरूप बिलासपुर जिले के मस्तूरी ब्लॉक में लगभग तीन माह से बंद पड़ी चर्च ऑफ गॉड (Church of God) कलीसिया को पुनः प्रारंभ कराया गया। इस सफलता से क्षेत्र के विश्वासियों में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी को जब चर्च के बंद होने की जानकारी प्राप्त हुई, तब कमिटी की बिलासपुर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रयास शुरू किए। अनेक स्तरों पर संवाद, समन्वय और सकारात्मक पहल के माध्यम से चर्च को पुनः आराधना के लिए खोले जाने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी ने इस उपलब्धि को परमेश्वर की कृपा और विश्वासियों की एकजुटता का परिणाम बताया है। कमिटी ने उन सभी पासबानों, सेवकों, सेविकाओं एवं विश्वासियों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस विषय को लेकर लगातार प्रार्थना की और नैतिक सहयोग प्रदान किया।
कमिटी ने विशेष रूप से अपनी बिलासपुर टीम की सराहना की, जिनकी प्रतिबद्धता, धैर्य और अथक प्रयासों के कारण यह महत्वपूर्ण कार्य सफल हो सका। क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी ने कहा कि वह भविष्य में भी मसीही समाज के अधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और कलीसियाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करती रहेगी।
जारीकर्ता:
क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी, छत्तीसगढ़