24/04/2026
*हांसी जिला में हर सरकारी तथा गैर सरकारी विद्यालय में मनाया जाएगा मदर- डॉटर डे : डीसी राहुल नरवाल*
*डीसी राहुल नरवाल बोले - मदर -डॉटर डे मनाने के पीछे जिला से गर्भाशय कैंसर जैसी घातक बीमारी को जड़ से खत्म करना रहेगा एकमात्र उद्देश्य*
*डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए अभियान की गति और तेज करने के निर्देश*
हांसी, 24 अप्रैल। डीसी राहुल नरवाल की अध्यक्षता में स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में एक बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में एसडीएम राजेश खोथ, नारनौंद के एसडीएम विकास यादव, शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास एवं पंचायत तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में गर्भाशय कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के तहत हो रहे कार्यों की गहनता से समीक्षा की गई।
डीसी राहुल नरवाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिला में 14 और 15 वर्ष आयु की 3699 लड़कियां है। इन सभी लड़कियों को गर्भाशय कैंसर जैसी बीमारी से बचाव के लिए माता-पिता की सहमति से टीकाकरण करवाना करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व तथा पंचायत विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि वे टीकाकरण करवाने के फायदे तथा नहीं करवाने के नुकसान के बारे में नागरिकों को जागरूक करें।
डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि जिला की प्रत्येक सरकारी तथा गैर सरकारी विद्यालय में माता पुत्री दिवस भी मनाया जाएगा। बहुत ही जल्द इस दिवस की तिथि काफी निर्धारण कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिवस को मनाने के पीछे एकमात्र उद्देश्य लड़कियों को गर्भाशय कैंसर जैसी बीमारी से सदैव के लिए मुक्ति दिलवाने है। उन्होंने विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय को सांझा करते हुए कहा कि यह टीकाकरण करवाने से शरीर पर किसी प्रकार का कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ता है। उन्होंने हांसी तथा नारनौंद उपमंडल के एसडीएम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि माता- पुत्री दिवस कार्यक्रम में 14 और 15 वर्ष आयु की लड़कियों की माता को अवश्य शामिल करें।
*वैक्सीनेशन कैंप लगाए जाए : डीसी राहुल नरवाल*
डीसी राहुल नरवाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की वे ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र में टीकाकरण कैंप लगाने के लिए विस्तृत शेड्यूल तैयार करें और कैंप के आयोजन से पहले संबंधित क्षेत्र के लोगों को जानकारी अवश्य दे ताकि कैंप की आयोजन का उद्देश्य पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में तो टीकाकरण किया ही जा रहा है अब विद्यालय में भी निर्धारित आयु वर्ग की लड़कियां टीकाकरण करवा सकती है। यह टीकाकरण निशुल्क किया जा रहा है। डीसी ने आंगनबाड़ी तथा आशा वर्करों कहा है कि आंगनबाड़ी आने वाली महिलाओं को तो एचपीवी टीकाकरण के संबंध में जागरूक करें ही साथ ही अपने आस-पड़ोस में घर-घर जाकर भी जागरूकता फैलाने का काम करें।
बैठक में एसडीएम राजेश खोथ, एसडीएम विकास यादव, एसएमओ डॉ राजीव डाबला, डॉ नरेंद्र शर्मा, नायब तहसीलदार सुरेश कुमार,सीएमजीजीए प्रतीक्षा सांगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।