25/02/2026
शोध सहयोग, तकनीकी मार्गदर्शन, प्रबंधन व वित्तीय अवसरों के माध्यम से स्टार्टअप नवाचार को नई दिशा देने का लिया गया संकल्प
जीइन्क्यूब की तीन दिवसीय अकादमिया इंडस्ट्री फाइनेंशल कॉन्क्लेव का हुआ भव्य समापन
ग्वालियर स्मार्ट सिटी इनक्यूबेशन सेंटर द्वारा तीन दिवसीय कॉन्क्लेव एवं “अकादमिया इंडस्ट्री फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन कॉन्क्लेव 2026" का सफलतापूर्वक समापन हुआ। ग्वालियर स्मार्ट सिटी के मार्गदर्शन में आयोजित इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य स्थानीय स्टार्टअप्स को अकादमिक विशेषज्ञता, उद्योग अनुभव एवं वित्तीय संसाधनों से जोड़कर एक सशक्त एवं आत्मनिर्भर स्टार्टअप इकोसिस्टम का निर्माण करना रहा।
कॉन्क्लेव के प्रथम दिवस “अकादमिक इनक्यूबेटर्स कॉन्क्लेव” आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न शैक्षणिक इनक्यूबेशन केंद्रों ने सहभागिता की। इस दौरान शोध सहयोग, तकनीकी मार्गदर्शन, लैब सुविधाओं के उपयोग, प्रतिभा संसाधन एवं संयुक्त नवाचार पर सार्थक चर्चा हुई। स्टार्टअप्स और अकादमिक संस्थानों के मध्य दीर्घकालिक सहयोग मॉडल विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।
द्वितीय दिवस उद्योग जगत को समर्पित रहा। विभिन्न क्षेत्रों से आए अनुभवी संस्थापकों ने स्टार्टअप्स को प्रारंभिक चरण में आने वाली वास्तविक चुनौतियों जैसे बाजार में प्रवेश, उत्पाद की वैलिडेशन, टीम निर्माण, संचालन प्रबंधन एवं स्केलेबिलिटी के व्यावहारिक समाधान साझा किए। उनके अनुभवों ने प्रतिभागियों को उद्यमिता की जमीनी समझ प्रदान की तथा आत्मविश्वास को सुदृढ़ किया।
तृतीय एवं अंतिम दिवस फाइनेंशियल कॉन्क्लेव के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें बैंकिंग क्षेत्र के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने स्टार्टअप्स को विभिन्न वित्तीय अवसरों से अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने स्टार्टअप्स को औपचारिक वित्तीय प्रणाली से जुड़ने और उपलब्ध योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
तीन दिवसीय यह आयोजन ग्वालियर में नवाचार, सहयोग और उद्यमिता को नई दिशा देने की एक सशक्त पहल के रूप में उभरा है। अकादमिक ज्ञान, उद्योग अनुभव और वित्तीय सहयोग को एकीकृत कर यह कॉन्क्लेव स्थानीय स्टार्टअप्स के लिए विकास, विस्तार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।