03/06/2026
डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य प्रशासन को गांवों और आमजन के अधिक निकट लाना है। रात्रि ठहराव कार्यक्रम इसी सोच का हिस्सा है, जिसके माध्यम से अधिकारियों को गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटान किया जाए, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
डीसी बुधवार को गांव मानावाली में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीसी डा. विवेक भारती ने ग्रामीणों को नशा मुक्त बनाने के लिए शपथ दिलाई।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान डीसी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही किया जाए, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
डीसी डा. विवेक भारती ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन को पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उपायुक्त ने अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में सूचना, जनसम्पर्क, भाषा विभाग की प्रचार मंडली द्वारा लोक शैली में हरियाणा सरकार की जनहितकारी नीतियों की जानकारी सांझा की गई।