04/03/2021
आईएएस के लिए बहुत महत्वपूर्ण है "रणनीति" --
बिज़नेस हो , खेल हो , राजनीति हो , युद्ध हो या फिर जिंदगी सफलता के लिए एक सही और सटीक रणनीति का होना बहुत आवश्यक है क्योंकि जिस क्षेत्र में आप खुद सफल होना चाहते हैं , उस क्षेत्र में पहले से लाखों लोग प्रयास कर रहे होते हैं ! इस स्थिति में उनसे प्रतियोगिता करने के लिए और उनसे आगे निकलकर मंजिल तक पहुंचने के लिए आपको एक रणनीति की आवश्यकता होगी , आपकी रणनीति जितनी बेहतर होगी सफलता के अवसर उतने ही ज्यादा आपके पास होंगे !
अब सवाल उठता है कि रणनीति क्या है ? , मेरे शब्दों में " अपने लक्ष्य तक पहुँचने के लिए अपनी क्षमताओं के आधार पर सुगम और सहज मार्ग का चुनाव करना ही रणनीति है " !
किसी आईपीएस की यूनिफार्म और आईएएस का रुतबा देखकर आप लोग बहुत जल्दी आकर्षित हो जाते हैं और उनके जैसा बनने के लिए आप पागल हो जाते हैं , लेकिन क्या यह सही है ? शायद नहीं , क्योंकि आप सिर्फ उसकी सफलता वाली स्थिति देख रहे हैं लेकिन वहां तक पहुँचने के लिए वह कितने कठिन रास्तों से होकर गुजरा है आपने उन्हें फॉलो किया या फिर उनके बारे में जानकारी प्राप्त की ? शायद नहीं , बस इसीलिए आप अभी रणनीति से बहुत दूर हैं !
रणनीति कैसे बनांते हैं ? --
पिछले कुछ वर्षों के प्रीलिम्स प्रश्नपत्रों को देखकर पता लगाना कि कितने प्रश्न किस विषय से पूछे जा रहे हैं ? लगातार पूछे जा रहे प्रश्नों की प्रकृति का पता लगाना और फिर पिछले कम से कम पांच वर्षों में प्रीलिम्स कि मेरिट का पता लगाकर , यह आकलन करना कि किस -किस विषय को ठीक से तैयार करके मेरिट बीट की जा सकती है !
ठीक इसी तरह मुख्य परीक्षा के लिए भी करिये सिलेबस तो आप कल पढ़ ही चुके हैं अब पिछले कम से कम 5 से 6 वर्षों के प्रश्नपत्रों को ठीक से देख और समझ लीजिये , किस पेपर में किस विषय से कैसे प्रश्न पूछे जा रहे हैं ? किस विषय से कितने प्रश्न आ रहे हैं ? प्रश्नों का स्तर क्या है ? आदि ,इसके अलावा पिछले कई वर्षों के लोकप्रिय सफल अभ्यर्थियों के सामान्य अध्ययन और निबंध आदि के पेपर्स में कितने अंक अर्जित किये इसको जानने का प्रयास कीजिये ! किस सामान्य अध्ययन के पेपर में अधिक अंक मिलते हैं और किस विषय में कम इसका आकलन हो जायेगा , निबंध में सामान्यतः कितने अंक मिलते हैं !
वैकल्पिक विषय के दौरान भी यह विश्लेषण काम आता है ! जिस विषय में हम हमारी रूचि है या फिर जो विषय हम लेने के इच्छुक हैं ,सर्वप्रथम उसके सिलेबस को ठीक से देखिये फिर उस विषय का पिछले कुछ वर्षों में परिणाम देख लीजिये , किन किन सफल अभ्यर्थियों ने उसे लिया और उन अभ्यर्थियों का एजुकेशन बैकग्राउंड क्या था ?
( उदाहरण के लिए हिंदी साहित्य में आपकी रूचि है ! पिछले कुछ वर्षों से उसका परिणाम बहुत ही अच्छा आ रहा है , इंजीनियरिंग , साइंस , मेडिकल और आर्ट सभी शैक्षिक पृष्ठभूमि वाले छात्रों ने उसे लिया है ! इससे सिद्ध होता है कि हिंदी साहित्य का सिलेबस अन्य से छोटा है और हर पृष्ठभूमि वाले छात्र इसे ले सकते हैं )
अब यह मत कहियेगा कि यह सब मिलेगा कहाँ ? गूगल अंकल में सबकुछ मौजूद है , देश की सबसे प्रतिष्ठित सेवा की तयारी कर रहे हैं तो थोड़ा मशक्कत कीजिये ! यह सब कार्य आईएएस की तैयारी कर रहे छात्रों का मनोरंजन होता है , स्टडी से फ्री टाइम उन्हें जो मिलता है , इसी तरह सर्च और विश्लेषण में लगाते हैं !
~~~~~~~~~~~~~~
Yogesh singh