24/02/2026
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 24 फरवरी 2026
डी०ए०वी० महाविद्यालय, बुलन्दशहर में आयोजित वार्षिक प्रतियोगिताओं की श्रृंखला के अंतर्गत आज विविध खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ऊर्जा, अनुशासन एवं रचनात्मकता के साथ सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
आज के कार्यक्रमों में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, नृत्य, मिमिक्री तथा लघु नाटिका प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने खेलभावना एवं कौशल का प्रभावशाली परिचय दिया। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर वातावरण को जीवंत बनाए रखा।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में विधु गोस्वामी (प्रथम), पीयूष मिश्रा (द्वितीय) एवं हर्ष सैनी (तृतीय) रहे, जबकि महिला वर्ग में साक्षी (प्रथम), वर्षा (द्वितीय) एवं आंचल (तृतीय) ने स्थान प्राप्त किया।
टेबल टेनिस के पुरुष वर्ग में पीयूष मिश्रा (प्रथम), आशीष कुमार (द्वितीय) एवं निखिल कुमार (तृतीय) रहे, वहीं महिला वर्ग में आंचल (प्रथम), खुशनुमा (द्वितीय) एवं रहनुमा (तृतीय) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शास्त्रीय एवं लोकनृत्य शैलियों की मनोहारी प्रस्तुतियाँ देकर सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। कु. लवी (बी.एससी. द्वितीय सेमेस्टर) ने प्रथम, माही (बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा ख्याति (बी.एससी. द्वितीय सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मिमिक्री प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली एवं हास्यपूर्ण प्रस्तुतियाँ देकर सभी को आनंदित किया।
लघु नाटिका प्रतियोगिता में सामाजिक जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सशक्त अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। संवाद अदायगी, मंच संयोजन एवं भावाभिव्यक्ति विशेष रूप से सराहनीय रही। इस प्रतियोगिता में हिमांशी शर्मा (बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम तथा गुलफ़्सा (एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० राजीव सिरोही ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास वृद्धि तथा नेतृत्व क्षमता के विकास का सशक्त माध्यम हैं।
निर्णायक मंडल द्वारा सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र वार्षिकोत्सव समारोह में प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम का सफल आयोजन आयोजन समिति एवं समस्त प्राध्यापकों के सहयोग से संपन्न हुआ।