01/06/2026
#अखबार में प्रकाशित खबर
बिहपुर बहुजन चेतना केंद्र 31 मई 2026
बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विकास हेतु महत्वपूर्ण बैठक संपन्न।
बिहपुर विधानसभा क्षेत्र (खरीक, बिहपुर एवं नारायणपुर) में उच्च शिक्षा के विकास तथा शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार को लेकर 31 मई 2026 को डॉ. गौतम कुमार प्रीतम के संयोजन में बहुजन चेतना केंद्र, बिहपुर में एक महत्वपूर्ण चिंतन बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया तथा शिक्षा के क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी रवीन्द्र कुमार सिंह व संचालन मान्यवर नसीब रविदास ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना बुनियादी विद्यालय, तेलघी के बजाय खरीक महाविद्यालय, खरीक में की जाए, ताकि अधिकाधिक छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा का लाभ मिल सके तथा उपलब्ध शैक्षणिक आधारभूत संरचना का समुचित उपयोग हो सके।
इसके अतिरिक्त बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि सत्यदेव राय महाविद्यालय, गौरीपुर, बिहपुर एवं ललित नारायण मिश्र भोकड़ झा महिला कॉलेज भ्रमरपुर, नारायणपुर को सरकरी किया जाए जिससे क्षेत्र की छात्र-छात्राओं को बेहतर लाभ मिल सके। बिहपुर विधानसभा में एक मात्र महिला महाविद्यालय जीर्ण-शीर्ण अवस्था में चल रहा है इसलिए आशा है कि क्षेत्र की खासकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा और उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।
बैठक में लंबे समय से लंबित मांग पहाड़पुर उच्च विद्यालय, पहाड़पुर (नारायणपुर) को सरकारी विद्यालय का दर्जा प्रदान करने की भी जोरदार मांग उठाई गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि विद्यालय लंबे समय से क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहा है और इसे सरकारी दर्जा मिलने से शिक्षा की गुणवत्ता एवं संसाधनों में उल्लेखनीय सुधार होगा।
बैठक को संबोधित करते हुए राजद नेता डॉ.गौतम कुमार प्रीतम ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला है। इसलिए सरकार को बिहपुर विधानसभा क्षेत्र की शैक्षणिक आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक क़दम उठाना चाहिए। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़े ही खुशी की बात है कि बिहार सरकार में क्षेत्र से दो बड़े मंत्री बने हैं इसलिए उम्मीद भी बढ़ी है कि अगर अब नही तो कब ? जबकि इनकी सरकार राज्य से लेकर केन्द्र तक है। इसलिए हम प्रेस के माध्यम से मांग करते हैं कि उपरोक्त चारों मांग को पुरा किया जाए। अन्यथा इस मांग को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे और इस मुद्दा को जनक्रांति के रूप में खड़ा करेंगे।
बैठक में 13 सदस्यीय बिहपुर विधानसभा विकास संघर्ष समिति गठित किया गया है जिसके संयोजक अखिलेश रमण को बनाया गया है। संगठन का विस्तार अगले बैठक में की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से अखिलेश रमण, रविंद्र सिंह, राजेश पंडित, विनोद सिंह निषाद, राजकुमार दास, जय किशोर शर्मा, शंकर दास, अमीत कुमार गुप्ता, चंदन कुमार गुप्ता, राजू चौरसिया,अमन कुमार पटेल, मो. अंजार, किशोर मंडल, नंदलाल मंडल, कुन्दन कुमार, महमूद गजनवी, आशीष कुमार सहित अनेक शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।
जारीकर्ता: डॉ. गौतम कुमार प्रीतम (निदेशक) बहुजन चेतना केंद्र, बिहपुर