01/06/2026
विषम परिस्थितियों के बावजूद दिव्यांग सुश्री शीतल को युवा संगम रोजगार मेले' से मिला रोजगार का अवसर
बड़वानी 1 जून 2026/कहते हैं कि अगर मन में कुछ कर गुजरने की चाह हो, तो शारीरिक अक्षमता और विषम परिस्थितियां भी आड़े नहीं आतीं। इसे सच कर दिखाया है बड़वानी जिले के ग्राम पाटी की निवासी 23 वर्षीय दिव्यांग सुश्री शीतल सोलंकी ने। शीतल बचपन से ही सुनने और बोलने में अक्षम (मूक-बधिर) हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपनी इस कमजोरी को अपने सपनों के बीच नहीं आने दिया। उन्होंने न केवल अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।
26 मई को ज़िला प्रशासन के मार्गदर्शन में शासकीय कन्या महाविद्यालय बड़वानी में आयोजित 'युवा संगम रोजगार मेले' में शीतल ने रोजगार हेतु आवेदन किया था। मेले में आई पीथमपुर की प्रतिष्ठित कंपनी प्रतिभा सिंटेक्स ने शीतल के जज्बे और कौशल को भांपते हुए उनका साक्षात्कार लिया। बेहतरीन प्रदर्शन के चलते कंपनी द्वारा उन्हें मशीन ऑपरेटर के पद पर इंटरन के रूप में चयनित किया गया है। वर्तमान में शीतल अपनी दो बहनों के साथ आरसेटी बड़वानी से सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
देश की इकलौती ISO प्रमाणित 'आरसेटी बड़वानी' संवार रही है युवाओं का भविष्य
शीतल जैसी होनहार युवतियों के हुनर को निखारने में स्टार स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) बड़वानी की बड़ी भूमिका है। यह संस्थान भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं जिला अग्रणी बैंक का एक संयुक्त उपक्रम है। बड़वानी जिले के 18 से 50 वर्ष तक के ग्रामीण युवक-युवतियों लगभग 72 विभिन्न विषयों में स्वरोजगार हेतु कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। संपूर्ण प्रशिक्षण को 4 श्रेणियों (कृषि, उत्पाद, सेवा और उद्यमिता) में विभाजित किया गया है।महिला सिलाई, ब्यूटी पार्लर, इलेक्ट्रिक मोटर रिवाइंडिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, लाइट फिटिंग, और बकरी पालन आदि। 10 से 35 दिवसीय इस प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को हॉस्टल, भोजन, चाय-नाश्ता, यूनिफॉर्म और स्टेशनरी सहित पूर्ण ट्रेनिंग निःशुल्क दी जाती है। प्रशिक्षण के बाद स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए बैंक अनुदान योजनाओं के तहत ऋण उपलब्ध कराया जाता है और 2 साल तक 'हैंड होल्ड सपोर्ट' (मार्गदर्शन) भी दिया जाता है।आरसेटी बड़वानी राष्ट्रीय स्तर पर एक 'मॉडल आरसेटी' की श्रेणी में सुशोभित है और यह पूरे देश की इकलौती ISO प्रमाणित आरसेटी है।संस्थान ने इस स्वरोजगार प्रशिक्षण के व्यापक प्रचार-प्रसार और युवाओं की सुविधा के लिए अपनी स्वयं की वेबसाइट और गूगल फॉर्म जारी किया है, जिसके माध्यम से इच्छुक अभ्यर्थी https://rsetibarwani.in पर बैठे आवेदन कर सकते हैं। शीतल सोलंकी की यह सफलता जिले के अन्य युवाओं और दिव्यांगजनों के लिए एक नई उम्मीद और प्रेरणा लेकर आई है।
जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में कल यानी 2 जून 2026 (मंगलवार) को एक विशाल जिला स्तरीय "युवा संगम रोजगार मेला 2026" का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला स्थानीय शासकीय महाविद्यालय पानसेमल, जिला बड़वानी में प्रातः 11:00 बजे से प्रारंभ होगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के शिक्षित एवं योग्य युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के प्रत्यक्ष अवसर उपलब्ध कराना है।