30/07/2026
*अब सोशल मीडिया पर गूंजेगा 'जीरो वेस्ट महोत्सव', हर श्रद्धालु बनेगा डिजिटल ब्रांड एंबेसडर*
*सूचना विभाग ने शुरू किया सोशल मीडिया चैलेंज, फोटो भेजकर बनवाएं पोस्टर; सबसे अधिक लाइक्स और कमेंट्स पाने वालों को मिलेगा सम्मान*
बागपत, 30 जुलाई 2026। इस बार पुरा महादेव का श्रावणी मेला केवल आस्था ही नहीं बल्कि जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने की दिशा में भी कदम बढ़ा रहा है। पहली बार सूचना विभाग बागपत ने 'जीरो वेस्ट महोत्सव सोशल मीडिया चैलेंज' शुरू किया है, जिसके माध्यम से आम नागरिक, शिवभक्त, कांवड़िये और युवा स्वयं जीरो वेस्ट महोत्सव के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बन सकेंगे। अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया के जरिए देशभर में श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर की पहचान एवं बागपत के ज़ीरो वेस्ट महोत्सव का संदेश पहुंचाना है।
सूचना विभाग द्वारा शुरू किए गए इस अभियान के तहत प्रतिभागियों को केवल अपना फोटो निर्धारित व्हाट्सएप नंबर 9557178303 पर भेजना होगा। विभाग की ओर से उस फोटो पर आकर्षक डिजिटल पोस्टर तैयार कर प्रतिभागियों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद प्रतिभागी अपने पोस्टर को फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करेंगे, साथ ही डीएम बागपत, सूचना विभाग बागपत को टैग कर सहित निर्धारित हैशटैग का उपयोग करेंगे। अभियान में सबसे अधिक लाइक्स और कमेंट्स प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
सूचना विभाग द्वारा शुरू किया गया यह अभियान माय भारत स्वयंसेवक अमन कुमार के आइडिया पर विकसित किया गया है। उद्देश्य है कि प्रत्येक श्रद्धालु स्वयं 'जीरो वेस्ट महोत्सव' का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बने और सोशल मीडिया के माध्यम से पुरा महादेव मंदिर, बागपत की सांस्कृतिक विरासत तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देशभर तक पहुंचाए।
अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रशासन केवल संदेश प्रसारित नहीं कर रहा, बल्कि नागरिकों को स्वयं इस परिवर्तन अभियान का भागीदार बना रहा है। इससे प्रत्येक प्रतिभागी अपने सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से हजारों लोगों तक स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार धार्मिक पर्यटन का संदेश पहुंचाएगा। प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता से ही जीरो वेस्ट महोत्सव का उद्देश्य व्यापक स्तर पर सफल हो सकेगा।
अभियान के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि वे पुरा महादेव की पहचान को केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल धार्मिक आयोजन के रूप में भी स्थापित करने में योगदान दें। "भक्ति भी, प्रकृति भी" का संदेश इस अभियान का प्रमुख आधार बनाया गया है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे स्वयं भी प्लास्टिक के उपयोग से बचें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
सोशल मीडिया चैलेंज के साथ प्रशासन ने क्यूआर आधारित 'कांवड़ यात्रा एप' के प्रचार को भी जोड़ा है। अभियान के पोस्टरों में एप का लिंक और जानकारी भी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु डिजिटल सुविधा से जुड़ सकें। इस एप के माध्यम से श्रद्धालुओं को कांवड़ मार्ग, पार्किंग, पुलिस सहायता, चिकित्सा सेवाएं, कंट्रोल रूम, ट्रैफिक डायवर्जन, पेयजल, शौचालय सहित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं।
जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने बताया कि अभियान में सोशल मीडिया की शक्ति का उपयोग करते हुए बागपत का जीरो वेस्ट महोत्सव मॉडल देशभर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे एक ओर जहां जनजागरूकता बढ़ेगी, वहीं सकारात्मक डिजिटल कंटेंट के माध्यम से पुरा महादेव की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी।
माय भारत स्वयंसेवक अमन कुमार ने कहा कि पुरा महादेव हमारी सांस्कृतिक विरासत है और जिलाधिकारी के नवाचार 'जीरो वेस्ट महोत्सव' के बारे में पूरे देश को जानना चाहिए। इस सोच के साथ यह सोशल मीडिया चैलेंज तैयार किया गया है, ताकि हर शिवभक्त अपने एक पोस्ट के माध्यम से बागपत का ब्रांड एंबेसडर बन सके। यदि हजारों श्रद्धालु इस अभियान से जुड़ते हैं तो देशभर में बागपत की पहचान एक स्वच्छ, हरित और जिम्मेदार धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत होगी।
प्रशासन को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में युवा, कांवड़िये, स्वयंसेवी संगठन, सामाजिक संस्थाएं और स्थानीय नागरिक इस अभियान से जुड़ेंगे।
*कैसे बनें 'जीरो वेस्ट महोत्सव' के डिजिटल चैंपियन:*
- व्हाट्सएप नंबर 9557178303 पर अपना फोटो भेजें।
- सूचना विभाग की ओर से आपके लिए विशेष पोस्टर तैयार किया जाएगा।
- पोस्टर को Facebook, Instagram, X सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करें।
- DM Baghpat और सूचना विभाग बागपत को टैग करें।
- , , , जैसे हैशटैग का उपयोग करें।
- सबसे अधिक लाइक्स और कमेंट्स पाने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
*सूचना विभाग बागपत*