18/08/2026
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाले इस मोटर मार्ग की कुल लंबाई 9.50 किलोमीटर होगी, जिसके निर्माण के लिए 15 करोड़ 29 लाख 78 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। सड़क बनने के बाद विकासखंड के अंतिम गांवों तक आवागमन की सुविधा पहुंचेगी और क्षेत्र के लोगों को मुख्यधारा से जुड़ने का नया रास्ता मिलेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, ब्लॉक प्रमुख गरुड़ किशन सिंह बोरा और विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों के क्षेत्र में पहुंचते ही ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक अंदाज में जोरदार स्वागत किया। सड़क की स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। लंबे समय से सड़क का इंतजार कर रहे लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में भी बड़ी राहत मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं मरीजों और विद्यार्थियों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
क्षेत्रवासियों ने सड़क की स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, सांसद अजय टम्टा और बागेश्वर विधायक पार्वती दास का आभार जताया।
कुल मिलाकर, पय्या से दाबू हड़ाप तक बनने वाला यह मोटर मार्ग सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि दूरस्थ गांवों के विकास, बेहतर सुविधाओं और नई संभावनाओं की एक मजबूत कड़ी साबित होने जा रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगी।